विधानसभा अध्यक्ष से झारखंड चैंबर की शिष्टाचार भेंट, व्यापार-उद्योग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा
रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान राज्य के व्यापार, उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। चैंबर की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने होल्डिंग टैक्स की व्यवस्था की समीक्षा एवं कर आधार के विस्तार, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक तीन माह पर राज्य स्तरीय औद्योगिक समीक्षा बैठक आयोजित करने, खासमहल भूमि को चरणबद्ध तरीके से फ्रीहोल्ड करने तथा राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग रखी। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ की तर्ज पर झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया सिक्योरिटी फोर्स के गठन और ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था की समीक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि राज्य के औद्योगिक विकास के लिए सरकार, प्रशासन और व्यवसायी वर्ग के बीच निरंतर संवाद जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यवसायी और उद्यमी तभी पूरी क्षमता के साथ निवेश और व्यापार कर सकेंगे, जब उन्हें सुगम कारोबारी वातावरण के साथ सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग मिले।

उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए हाल में जमशेदपुर में हुई बैंक लूट और गोलीकांड जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी पहल करने का आग्रह किया, ताकि व्यापारी बिना भय के अपना कारोबार कर सकें। साथ ही उन्होंने ट्रेड लाइसेंस को वर्तमान समय में औचित्यहीन बताते हुए इसे समाप्त करने पर विचार करने का आग्रह किया।
विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने कहा कि खासमहल भूमि की समस्या गंभीर है। इसके समाधान और फ्रीहोल्ड प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए कमिटी गठित कर पूरे मामले की समीक्षा कराने का प्रयास किया जाएगा। समीक्षा के बाद इस विषय को विधानसभा में भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापार एवं उद्योग से जुड़े अन्य विषयों पर भी विधानसभा के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कर आवश्यक पहल की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।


