रांची में AIOS की 5वीं मिड-टर्म कॉन्फ्रेंस का हेल्थ मिनिस्टर इरफान अंसारी ने किया शुभारंभ,देशभर से 1500 नेत्र विशेषज्ञ पहुंचे

रांची: राजधानी रांची में शुक्रवार को ऑल इंडिया ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी की 5वीं मिड-टर्म कॉन्फ्रेंस 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। होटल बीएनआर में आयोजित सम्मेलन में देशभर से करीब 1500 नेत्र चिकित्सक और विशेषज्ञ शामिल हुए। झारखंड में पहली बार आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नवीनतम तकनीक, शोध और उपचार पद्धतियों का आदान-प्रदान करना है।
सम्मेलन का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह, आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ. बीपी कश्यप और आयोजन सचिव डॉ. भारती कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर AIOS के अध्यक्ष डॉ. जीवन तितियाल, निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. मोहन राजन और राष्ट्रीय महासचिव संतोष होनावर समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आए वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रांची में देशभर के नेत्र विशेषज्ञों का जुटना झारखंड के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजनों से राज्य के चिकित्सकों को नवीनतम शोध, तकनीक और उपचार पद्धतियों की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक हेल्थ टेक्नोलॉजी को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
आयोजन सचिव डॉ. भारती कश्यप ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य रांची की युवा चिकित्सकीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। सम्मेलन में रिफ्रैक्टिव सर्जरी, मोतियाबिंद, कॉर्निया, डायबिटिक रेटिनोपैथी और ग्लूकोमा के आधुनिक उपचार पर सत्र हुए। लाइव सर्जरी, साइंटिफिक प्रतियोगिता और युवा चिकित्सकों के सत्र भी आयोजित किए गए। उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेषज्ञों को साइंटिफिक अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *