मुरहू मुख्य पथ पर लगातार हादसे, ब्लैक स्पॉट घोषित करने की उप प्रमुख अरुण साबू की मांग

खूंटी : मुरहू मुख्य पथ एनएच-20 पर गोदातोली मोड़ से स्टेट बैंक मोड़ तक लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में वर्षभर में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जान-माल का नुकसान हुआ है। 21 सितंबर को इसी मार्ग पर कार की भीषण दुर्घटना में एक महिला की मौत के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मुरहू के उप प्रमुख अरुण साबू ने उपायुक्त खूंटी और संबंधित सड़क सुरक्षा विभाग से इस क्षेत्र को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी विभाग को कई बार दुर्घटनाओं की जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं।
उन्होंने गोदातोली मोड़ से स्टेट बैंक मोड़ तक सड़क सुरक्षा ऑडिट कराने, गति नियंत्रण की व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर या रंबल स्ट्रिप, स्पीड लिमिट के साइन बोर्ड, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और रिफ्लेक्टिव रोड साइन लगाने की मांग की है। इसके अलावा कैट्स आई और रोड मार्किंग सहित अन्य सुरक्षा उपकरण लगाने का भी आग्रह किया है।
अरुण साबू ने कहा कि यह क्षेत्र बाजार और घनी आबादी वाला है, जहां पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही लगातार रहती है। ऐसे में संबंधित विभागों की संयुक्त टीम से स्थल निरीक्षण कराकर समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *