मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महागामा में ₹1.94 करोड़ की विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महागामा  में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने मेहरमा प्रखंड के ग्राम पंचायत मड़पा स्थित उच्च विद्यालय में 44.72 लाख की लागत से बनने वाले 4 अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। वहीं, महागामा प्रखंड अंतर्गत सरोतिया पंचायत के बसुआरा में 1.49 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।
मड़पा उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि विद्यालयों के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पंचायत भवन, पैक्स भवन, आयुष्मान मंदिर, पोखर, नहर और चेक डैम सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मड़पा से लीलातारी, कमलचक और गोवर्धनपुर होते हुए सड़क निर्माण की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रस्तावित PWD सड़क से छोटी बस्तियों को मुख्य मार्ग से जोड़ने के साथ क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। मंत्री ने बताया कि अधिक लागत वाली इस सड़क के लिए कैबिनेट की स्वीकृति आवश्यक है और करीब 100 करोड़ की लागत से इसके निर्माण की तैयारी की जा रही है।
मंत्री ने क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई के पानी की समस्या को दूर करने के लिए नहर, चेक डैम और अन्य जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार एवं निर्माण पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी क्षेत्र में राइस मिल का निर्माण भी हो रहा है। इसके पूरा होने के बाद स्थानीय किसानों को दूसरे जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर धान की प्रोसेसिंग की सुविधा मिलने से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी और भविष्य में आसपास औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि महागामा में डिग्री कॉलेज की पढ़ाई शुरू कराई गई है, जबकि डिग्री कॉलेज की दिशा में प्रयास जारी है। ठाकुरगंगटी में भी डिग्री कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ किसानों, युवाओं और महिलाओं की आजीविका से जुड़े अवसरों के विस्तार पर भी लगातार काम हो रहा है.
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि 15 वें वित्त की राशि से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को रफ्तार मिल रही है । राज्य में पहली बार पंचायतों को राज्य की आय में टैक्स से प्राप्त राशि का 4 प्रतिशत हिस्सा दिए जाने की व्यवस्था की गई है , भविष्य में इसे बढ़ाकर 10 प्रतिशत तक किए जाने की अनुशंसा की जाएगी। इससे पंचायतों में विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार के नए MMDR कानून से झारखंड को करीब 18 हजार करोड़ का होने वाले राजस्व नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस विषय को लेकर प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला स्तर पर कार्यक्रम हो चुका है, कांग्रेस द्वारा 26 तारीख को राज्य स्तरीय कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
वहीं महागामा प्रखंड के बसुआरा में सड़क निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि इस मुख्य सड़क से बसुआरा को जोड़ने की ग्रामीणों की लंबे समय से मांग थी। इस दौरान मंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा  कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न हो। उन्होंने लोगों से अपने और अपने परिवार के साथ आसपास के पात्र मतदाताओं के अधिकारों के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।
मंत्री ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है। महागामा में शिक्षा, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, महिलाओं की आजीविका, युवाओं के अवसर और किसानों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *