त्योहारी सीजन में शहर में सप्लाई चेन निर्बाध रखना जरूरी: तुलसी पटेल

रांची: आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री अवधि में प्रवेश की अनुमति देने की मांग को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। चैंबर ने कहा कि सुबह और शाम दो-दो घंटे की नो-एंट्री व्यवस्था से छोटे मालवाहक वाहनों के संचालन में परेशानी हो रही है। इससे आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि त्योहारी सीजन नजदीक है। ऐसे में शहर में सप्लाई चेन निर्बाध रखना जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि निर्धारित रूट और शर्तों के साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले तीन पहिया मालवाहक वाहनों को विशेष रूप से शाम पांच से सात बजे की नो-एंट्री अवधि में परिचालन की अनुमति दी जाए।

एसएसपी ने चैंबर से यातायात दबाव वाले मार्गों और मालवाहक वाहनों की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों की सूची मांगी। उन्होंने कहा कि रूट और यातायात व्यवस्था की समीक्षा के बाद छूट देने पर उचित विचार किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने जालान रोड के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याएं भी रखीं। इसके बाद चैंबर और रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण किया। तुलसी पटेल ने कहा कि ट्रांसपोर्टर्स को उचित स्थान उपलब्ध कराने और आवंटन प्रक्रिया को लेकर जल्द मुख्य सचिव से वार्ता की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *