ऑटो चालक ने सुनसान जगह ले जाकर यात्री से की लूट, दो गिरफ्तार
रांची : गया से लौट रहे एक व्यक्ति से ऑटो चालक और उसके सहयोगी द्वारा चाकू का भय दिखाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। घटना 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे बुटी मोड़ के पास की है। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुटी मोड़ से अरगोड़ा जाने के लिए ऑटो में सवार हुआ था। ऑटो में चालक के अलावा उसका एक साथी पहले से मौजूद था। हरमू बिजली ऑफिस के पास पहुंचने के बाद चालक मुख्य मार्ग छोड़कर ऑटो को सुनसान स्थान पर ले गया। वहां अपने अन्य सहयोगी के साथ मिलकर पीड़ित को चाकू का भय दिखाया और उसके साथ मारपीट कर 22 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए।
घटना की सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त ऑटो चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो के अलावा लूटे गए सामान भी बरामद किए हैं।
बरामद सामान में एक ऑटो, VIVO Y20A स्मार्टफोन, Redmi Note 10T 5G स्मार्टफोन, Narzo कंपनी का स्मार्टफोन, HP कंपनी का लैपटॉप बैग एवं कपड़े तथा 6,000 रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


