कर्मा-धर्मा के पावन दिन छह घरों में पसरा मातम, गहरे पानी में समा गईं छह मासूम जिंदगियां

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। कर्मा-धर्मा पर्व की खुशियों के बीच मंगलवार की सुबह सुल्तानगंज स्थित नारायणपुर बहियार में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। पर्व को लेकर पवित्र स्नान के लिए जलमग्न खेत में गए छह बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। एक साथ छह मासूम जिंदगियों के बुझ जाने से बिष्णु टोला सहित आसपास के गांवों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि कर्मा-धर्मा पर्व की तैयारी को लेकर बच्चे सुबह नारायणपुर बहियार पहुंचे थे। गंगा के बढ़े जलस्तर और हाल में हुई बारिश के कारण बहियार के खेतों में काफी गहरा पानी जमा था। इसी दौरान स्नान करते समय एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख बाकी बच्चों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और दलदल का अंदाजा नहीं लगा सके। देखते ही देखते सभी छह बच्चे एक-दूसरे का हाथ थामे गहरे पानी में समा गए।
हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय तैराक युवकों ने साहस दिखाते हुए पानी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित बिष्णु टोला निवासी पूरन मंडल की पुत्री पूजा कुमारी (13), राहुल कुमार (14), रंजन कुमार के पुत्र विकास कुमार (13), विनोद मंडल के पुत्र आयुष कुमार (12), वाल्मीकि मंडल की पुत्री मीनाक्षी कुमारी उर्फ मिनकी (12) तथा रंचडीदीपुर निवासी धनंजय मंडल की पुत्री ज्योति कुमारी (14) के रूप में हुई है।
डॉक्टरों द्वारा छह बच्चों को मृत घोषित किए जाने की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का करुण क्रंदन गूंज उठा। जिन घरों में पर्व की तैयारियों और बच्चों की चहक से सुबह शुरू हुई थी, वहां देखते ही देखते मातम छा गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक साथ छह मासूमों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। कर्मा-धर्मा के पावन दिन जहां परिवार खुशियों और पूजा की तैयारी में जुटे थे, वहीं कुछ ही देर में छह घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। गांव की गलियों में बच्चों की आवाजों की जगह अब सिसकियां सुनाई दे रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *