उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में हुई जिला कौशल समिति की बैठक
खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में श्रम विभाग द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न ट्रेड में जिले में संचालित 11 कौशल विकास केंद्रों की जानकारी दी गई। बताया गया कि विभिन्न सेक्टर के आधार पर इन कौशल विकास केंद्रों में 18 वर्ष से अधिक के युवक-युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात प्रशिक्षित युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्लेसमेंट से जोड़ा जाता है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ग्राम एवं पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर युवक-युवतियों को कौशल विकास प्रशिक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के अधिक से अधिक युवक-युवतियों को कौशल विकास केंद्रों से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
बैठक में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवक-युवतियों को प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट उपलब्ध कराने एवं उन्हें रोजगार से जोड़ने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट की पूरी प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कौशल विकास केंद्रों से जेएसएलपीएस एवं आरसेटी को भी सक्रिय रूप से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस एवं आरसेटी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कौशल प्रशिक्षण के संबंध में जागरूक किया जाए तथा कौशल विकास केंद्रों के सफल संचालन में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
बैठक में फूड प्रोसेसिंग से संबंधित प्रशिक्षण के संचालन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। बेकरी सहित अन्य फूड प्रोसेसिंग ट्रेड में दिए जा रहे प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षण के बाद उपलब्ध कराए जा रहे प्लेसमेंट की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने इस क्षेत्र में प्रशिक्षण के लिए युवक-युवतियों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने जेएसएलपीएस से जुड़ी उन महिलाओं को भी कौशल विकास केंद्रों से जोड़ने पर जोर दिया, जो पूर्व से बेकरी यूनिट का संचालन कर रही हैं अथवा लाह की चूड़ियों का निर्माण कर रही हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसी महिलाओं को आवश्यक एवं बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने बेकरी यूनिट, लाह की चूड़ियों सहित अन्य गतिविधियों को और बेहतर तरीके से संचालित कर आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।
इसके अलावा कंस्ट्रक्शन, टेक्नीशियन, कृषि समेत अन्य नए ट्रेड में कौशल प्रशिक्षण शुरू कराने के प्रस्ताव पर भी बैठक में चर्चा की गई। उपायुक्त ने 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियों को उनकी रुचि एवं आवश्यकता के अनुरूप उक्त प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए आवश्यक कौशल प्रदान किया जा सके।
बैठक में जिला नियोजन के तहत संचालित कार्यक्रमों, शिक्षा विभाग द्वारा संचालित वोकेशनल ट्रेनिंग की भी जानकारी ली गई। उपायुक्त ने विद्यालयों में भी ट्रेनिंग कार्यक्रम चलाए को लेकर निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला श्रम अधीक्षक, जिला नियोजन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, एलडीएम, जेएसएलपीएस, उद्योग विभाग के पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


