राजीव गांधी का सपना था आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत : केशव महतो कमलेश
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों एवं आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के महान स्वप्नदृष्टा और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, संचार तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने युवाओं की शक्ति पर विश्वास करते हुए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया, जिससे करोड़ों युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अधिकार मिला।
उन्होंने कहा कि कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में राजीव गांधी की पहल ने भारत में सूचना एवं तकनीकी क्रांति की मजबूत नींव रखी। वहीं, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने की उनकी सोच सत्ता के विकेंद्रीकरण और गांवों तक लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण थी।
कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी का सपना ऐसा भारत बनाना था, जिसमें गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं विकास की मुख्यधारा से जुड़ें। उनकी एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सद्भाव की सोच आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक असमानता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती जैसे मुद्दों के बीच राजीव गांधी के विचार देश को दिशा दे सकते हैं। कांग्रेस उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करती रहेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


