चान्हो-40 दिव्यांग बच्चों को बांटे गए सहायक उपकरण
चान्हो- समावेशी शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को चान्हो प्रखंड संसाधन केंद्र में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के 40 दिव्यांग छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों की उपस्थिति में बच्चों की आवश्यकता और दिव्यांगता की प्रकृति के अनुसार विभिन्न आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए।कार्यक्रम के दौरान बच्चों को व्हीलचेयर, सीपी व्हीलचेयर, रोलेटर, टीएलएम किट, हैंड स्केचर, श्रवण संबंधी उपकरण सहित अन्य उपयोगी सहायक उपकरण प्रदान किए गए। उपकरण मिलने से बच्चों की दैनिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें शिक्षा से जोड़ने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में बताया गया कि भारत सरकार की एनईपी 2020 एवं शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के आलोक में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने और दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार पहल की जा रही है। विभाग का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को बिना किसी बाधा के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना है।मौके पर प्रखंड के बीईईओ, बीपीओ, डीपीओ सहित जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा विभाग के कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समावेशी शिक्षा के विशेष शिक्षक ब्रजेश कुमार, श्याम नारायण, शशिभूषण समेत अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सहायक उपकरणों के माध्यम से बच्चों की गतिविधियों में सहभागिता बढ़ेगी और उनके शैक्षणिक विकास को भी गति मिलेगी। कार्यक्रम का समापन बच्चों एवं अभिभावकों के साथ किया गया।


