परीक्षा की पारदर्शिता पर जुटान का प्रहार, छात्रों के साथ खड़ा शिक्षक संघ

रांची (गणादेश) : प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही को लेकर झारखंड विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (जुटान) ने छात्रों की मांगों का समर्थन किया है। संघ की कार्यकारिणी की ऑनलाइन बैठक में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। संघ ने सरकार से छात्रों की जायज मांगों का शीघ्र समाधान करने और परीक्षा व्यवस्था में भरोसा कायम करने के लिए ठोस पहल की मांग की।

परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल

जुटान ने कहा कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग और झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर समय-समय पर सामने आए विवादों और अनियमितताओं ने अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। संघ ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़ी परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए।

उत्तर कुंजी से परिणाम तक सब कुछ सार्वजनिक हो

संघ ने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं की अंतिम उत्तर कुंजी, उत्तर पुस्तिका, श्रेणीवार कटऑफ अंक और परिणाम सार्वजनिक किए जाएं। साक्षात्कार की रिकॉर्डिंग की व्यवस्था हो तथा आवश्यकता पड़ने पर उसे उपलब्ध कराया जाए। परीक्षा संबंधी शिकायतों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। जुटान ने कहा कि जहां बार-बार कदाचार के आरोप सामने आए हैं, वहां मौजूदा परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए। ऐसे मामलों में विश्वसनीय, स्वतंत्र और जवाबदेह परीक्षा तंत्र विकसित करने की दिशा में ठोस पहल जरूरी है।

छात्रों की निराशा पर शिक्षक समुदाय चिंतित

संघ ने कहा कि शिक्षक समुदाय कक्षाओं में छात्रों के बीच बढ़ती निराशा को प्रत्यक्ष देख रहा है। छात्रवृत्ति के भुगतान में देरी और सरकारी नौकरियों की नियुक्ति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब से छात्रों का मनोबल और पढ़ाई के प्रति रुचि प्रभावित हो रही है। जुटान ने इसे केवल छात्रों की समस्या नहीं, बल्कि राज्य के शैक्षणिक भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

परीक्षाओं का तय शिड्यूल जारी करने की मांग

जुटान ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की स्पष्ट समय-सारिणी जारी करने और उसका निर्धारित समय पर पालन सुनिश्चित करने की मांग की। संघ ने छात्रों के शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक आंदोलनों का सम्मान करते हुए सरकार से संवाद के माध्यम से उनकी जायज मांगों का शीघ्र समाधान करने की अपील की। बैठक में महासचिव डॉ. विनय भरत, संयोजक डॉ. कंजीव लोचन समेत कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *