रांची में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ का भव्य स्वागत, छात्र हितों के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान

खूंटी: भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती झारखंड पर राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के रांची आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर खूंटी जिला NSUI के जिला अध्यक्ष राहुल केसरी ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा झारखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपरा से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में NSUI झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव, सिमडेगा जिला अध्यक्ष विवेक इक्का, संकेत सुमन सहित बड़ी संख्या में NSUI के युवा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा छात्र हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।

अपने संबोधन में विनोद जाखड़ ने कहा कि NSUI देशभर में छात्रों के अधिकारों की रक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना और उनके हितों की रक्षा करना है। उन्होंने झारखंड के कार्यकर्ताओं के उत्साह, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही NSUI की सबसे बड़ी ताकत है और इसी ऊर्जा के बल पर संगठन छात्र हितों की लड़ाई को और मजबूती देगा।

वहीं, खूंटी जिला अध्यक्ष राहुल केसरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड आगमन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी तथा छात्र-हितों से जुड़े मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि NSUI आने वाले समय में छात्रों के अधिकारों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर और सशक्त भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *