जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने 30 दिवसीय लाइट मोटर व्हीकल प्रशिक्षण का किया शुभारंभ
खूंटी: ग्रामीण क्षेत्रों के युवक-युवतियों को कुशल चालक बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार को 30 दिवसीय लाइट मोटर व्हीकल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद के अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 35 युवक-युवतियों ने निशुल्क पंजीकरण कराया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं व्यावहारिक ड्राइविंग, यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा तथा वाहन संचालन की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मसीह गुड़िया ने कहा कि वर्तमान समय में सड़क सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण और यातायात नियमों की सही जानकारी से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने आरसेटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान द्वारा ग्रामीण युवाओं को निशुल्क आवासीय ड्राइविंग प्रशिक्षण उपलब्ध कराना न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगा।कार्यक्रम में आरसेटी खूंटी के निदेशक बसंत कुमार हजाम एवं वरिष्ठ संकाय सदस्य सुशील कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि आरसेटी खूंटी प्रत्येक वर्ष जिले के युवक-युवतियों के लिए स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है। संस्थान में सभी प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क एवं आवासीय सुविधा के साथ उपलब्ध कराए जाते हैं।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अगस्त माह से 30 दिवसीय प्लंबिंग फिटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण आरसेटी कार्यालय में प्रारंभ हो चुका है। संस्थान ने अधिक से अधिक युवाओं से इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाकर अपने कौशल को विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

