मुरहू अंचल में विशेष शिविर का दूसरा दिन,181 आवेदन प्राप्त, लगभग 120 प्रमाण-पत्रों का त्वरित निष्पादन

खूंटी: मुरहू अंचल कार्यालय में आयोजित विशेष प्रमाण-पत्र शिविर के दूसरे दिन भी आम जनता का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग शिविर का लाभ उठाने के लिए अंचल कार्यालय पहुंचे। शिविर को लेकर लोगों में काफी संतोष और उत्साह दिखाई दिया।
आज शिविर के दौरान 181 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 120 आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करते हुए लाभुकों को प्रमाण-पत्र उपलब्ध करा दिए गए।
मुरहू के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने अंचल कार्यालय पहुंचकर लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने अंचल अधिकारी श्री शंकर कुमार विद्यार्थी की सराहना करते हुए कहा कि विशेष शिविर के माध्यम से लोगों को सरल, सुगम और त्वरित तरीके से प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को काफी सुविधा मिल रही है।
शिविर के दौरान अंचल कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे दिन समर्पित भाव से कार्य करते हुए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया। उप प्रमुख श्री अरुण कुमार साबू ने प्रमाण-पत्र प्राप्त करने आए लाभुकों से बातचीत कर यह भी जाना कि उन्हें प्रमाण-पत्र मिलने में कितना समय लगा। लाभुकों ने बताया कि शिविर के माध्यम से उनके आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई हुई और उन्हें कम समय में ही प्रमाण-पत्र प्राप्त हो गया।
उप प्रमुख ने कहा कि इस प्रकार के विशेष शिविर आम जनता को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल हैं। उन्होंने अंचल कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनहित में इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *