मुरहू अंचल कार्यालय में 5 दिवसीय विशेष शिविर का सफल समापन, लाभुकों को ऑन-द-स्पॉट मिले प्रमाण-पत्र

रांची : मुरहू अंचल कार्यालय में आयोजित 5 दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। अंचल अधिकारी शंकर कुमार विद्यार्थी के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लाभुकों को जाति, आय, स्थानीय निवासी एवं ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाण-पत्र ऑन-द-स्पॉट जारी किए गए।
शिविर के दौरान मुरहू के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा अंचल अधिकारी श्री शंकर कुमार विद्यार्थी की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय प्रतिदिन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करता है, लेकिन इस विशेष शिविर के माध्यम से लोगों को त्वरित एवं समयबद्ध सेवा का लाभ मिला, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
उप प्रमुख श्री अरुण कुमार साबू ने कहा कि अंचल अधिकारी श्री शंकर कुमार विद्यार्थी द्वारा ऑन-द-स्पॉट प्रमाण-पत्र वितरण की व्यवस्था से आम नागरिकों को काफी सुविधा मिली है। इस प्रकार के विशेष शिविर प्रशासन की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं और लोगों का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत करते हैं।
शिविर के दौरान लगभग 65 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निष्पादन कर लाभुकों को उसी दिन प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया गया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय और प्रभावी अभियान बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *