बाकीपुर में मतदान जारी,कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा है चुनाव

पटना:बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, इस सीट पर करीब 3.80 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।चुनाव मैदान में कुल 26 उम्मीदवार हैं जिनमें जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी शामिल हैं। यह उनका पहला चुनाव है। अधिकारियों ने बताया कि मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस उपचुनाव के लिए मतगणना 3 अगस्त को होगी।
प्रशांत किशोर की एंट्री से दिलचस्प हुआ मुकाबला
पूर्व चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। यह सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है।यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी। उन्होंने पिछले साल नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार इस सीट पर जीत दर्ज की थी। तब उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था।
इस बार बीजेपी ने अपने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। गौर करने वाली बात है कि 1995 से जब इस विधानसभा क्षेत्र का नाम पटना पश्चिम हुआ करता था तब से बीजेपी इस सीट पर कोई चुनाव नहीं हारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *