एसआईआर अभियान में कोई पात्र मतदाता न छूटे : दीपिका पाण्डेय सिंह
रांची: ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने सोमवार को महागामा विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने मेहरमा प्रखंड के पंचायत सचिवालय अमौर, ठाकुरगंगटी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय और महागामा के ऊर्जा नगर में अलग-अलग बैठक कर बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों, प्रगति और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।
बैठक में मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मताधिकार है। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न हो और किसी का नाम अनावश्यक रूप से नहीं हटे। उन्होंने बीएलए और बूथ स्तर पर कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं से पूरी सजगता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महागामा विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर अभियान बेहतर ढंग से आगे बढ़ रहा है। इस प्रगति को बनाए रखने के लिए बीएलए, कार्यकर्ताओं और संगठन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। मंत्री ने अभियान के दौरान सामने आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज बनवाने में लोगों को हरसंभव सहयोग देने का निर्देश दिया।
दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्रत्येक बूथ के बीएलए सूची का गंभीरता से परीक्षण करें। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने या किसी प्रकार की त्रुटि सामने आने पर समयबद्ध तरीके से उसका निराकरण कराया जाए। जरूरत पड़ने पर अपील की प्रक्रिया भी समय पर पूरी की जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पारदर्शिता और पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई पात्र मतदाता न छूटे और किसी का नाम बिना उचित कारण के न हटे।


