मोबाइल टावर चोरीकांड का खुलासा, 33 मामलों में शामिल चार आरोपी गिरफ्तार

रांची : राजधानी रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावर से क्रिटिकल उपकरणों और अन्य सामग्रियों की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की कई सामग्रियां भी बरामद की हैं। रविवार देर शाम ग्रामीण एसपी गौरव गौस्वामी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि रांची के विभिन्न इलाकों में पिछले कई महीनों से मोबाइल टावरों से सामान चोरी होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। चोर टावर से कीमती और महत्वपूर्ण उपकरणों को निकालकर बाजार में बेच देते थे। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के मुख्य आरोपी तौसीफ अंसारी, निवासी अनगड़ा थाना क्षेत्र, के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसके भाई अखमल अंसारी, जो गैराज में काम करता है, समेत गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, चोरी का सामान कांके थाना क्षेत्र निवासी गौरी कुमार को बेचा जाता था।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरोह ने पिछले करीब नौ महीनों में 33 मोबाइल टावर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। प्रत्येक चोरी में आरोपियों को करीब एक से डेढ़ लाख रुपये तक की कमाई होती थी। गिरफ्तार चारों आरोपी इन 33 मामलों में संलिप्त पाए गए हैं।
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 33 कांडों की जांच करते हुए घटनास्थलों का सत्यापन किया और आरोपियों तक पहुंची। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *