तोरपा रथ हादसे पर उप प्रमुख अरुण साबू ने जताया गहरा शोक
खूंटी : मुरहू के उप प्रमुख सह जिला प्रमुख संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार साबू ने तोरपा में भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान हुई दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान की यात्रा के दौरान इस प्रकार की घटना अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
उप प्रमुख श्री साबू ने भगवान श्री जगन्नाथ एवं बाबा श्री खाटू श्याम से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि आज वे बाबा श्री खाटू श्याम जी के दरबार में भी प्रार्थना करेंगे कि जिले में भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो तथा सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कुशलता बनी रहे।
साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि इस दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी एवं लापरवाह लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।


