मानसून सत्र से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने शिष्टाचार मुलाकात की

रांची: झारखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने संसद के आगामी मानसून सत्र से पूर्व शनिवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के समग्र विकास, जनहित के मुद्दों और संसद में झारखंड से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैद्यनाथ राम को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैद्यनाथ राम उच्च सदन में झारखंड की जनभावनाओं, राज्य के अधिकारों, सामाजिक न्याय, आदिवासी-मूलवासी हितों तथा विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती और प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
बैठक के दौरान झारखंड के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय तथा राज्य के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि राज्यसभा में बैद्यनाथ राम की सक्रिय भूमिका से झारखंड की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त होगी तथा राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को उचित प्राथमिकता मिलेगी।
बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे संसद में झारखंड के हितों की रक्षा और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *