अंतर जिला स्थानांतरण शिक्षक संघ ने सीएम और विधानसभा अध्यक्ष को दिया ज्ञापन, गृह जिले में स्थानांतरण करने की मांग
रांची: अंतर जिला स्थानांतरण शिक्षक संघ ने शनिवार्को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में हेमंत सोरेन और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के मुताबिक प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के अंतर जिला स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि अब तक लगभग 4,000 शिक्षकों का अंतर जिला स्थानांतरण हो चुका है, जबकि करीब 1,500 शिक्षक-शिक्षिकाएं अभी भी इस प्रक्रिया से वंचित हैं।
संघ के मुख्य प्रतिनिधि प्रेम प्यारेलाल ने मांग की है कि अंतर जिला स्थानांतरण की व्यवस्था को नियमावली, संकल्प और अधिसूचना में स्थायी रूप से शामिल किया जाए, ताकि सभी पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं को सामान्य परिस्थितियों में अपने गृह जिले में स्थानांतरण का अवसर मिल सके। उनका कहना है कि गृह जिले में पदस्थापना होने से शिक्षक अधिक मनोयोग और बेहतर वातावरण में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे सकेंगे।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से सभी नियमों को शिथिल करते हुए शेष शिक्षकों का भी शीघ्र अंतर जिला स्थानांतरण करने का आग्रह किया गया है। साथ ही संघ ने सुझाव दिया है कि दूसरे राज्यों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की पदस्थापना सीमावर्ती जिलों में की जाए तथा शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में क्षेत्रीय भाषा की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए, ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
संघ ने विश्वास जताया कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर वर्षों से स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को राहत प्रदान करेगी। ज्ञापन पर मुख्य प्रदेश प्रतिनिधि प्रेम प्यारे लाल सहित रमेश कामन, संदीप कुमार महतो, एमडी मिनहाजुद्दीन हसन, किशोर कुमार दास, शमीम अंसारी, प्रमिला मोल्डो, सुनीता भार्क एवं अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।


