सीएम की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का असर: शिकायत के एक घंटे में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

कुल्टी।महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर राज्य की मुख्यमंत्री की “जीरो टॉलरेंस” नीति को अमलीजामा पहनाते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस ने तत्परता की एक बड़ी मिसाल पेश की है। कुल्टी थाना अंतर्गत संकतोड़िया आईसी (IC) पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर महज एक घंटे के भीतर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।एक साल से कर रहा था प्रताड़ित पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संकतोड़िया मस्जिद पाड़ा की रहने वाली 27 वर्षीय एक गृहवधू ने कुल्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि मंजूर आलम नामक व्यक्ति उसे डरा-धमकाकर पिछले एक साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस के कुछ प्रभावशाली नेताओं का करीबी है, जिसके खौफ के कारण वह अब तक पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी।एक घंटे में केस दर्ज और गिरफ्तारी महिला द्वारा आपबीती बताए जाने के तुरंत बाद संकतोड़िया आईसी के प्रभारी विनय दास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए शिकायत मिलने के महज एक घंटे के भीतर कुल्टी थाना केस नंबर 330/26 (दिनांक 08.07.26) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी मंजूर आलम को दबोच लिया।कोर्ट ने भेजा 4 दिन की पुलिस हिरासत में मामले की गहन जांच और पुख्ता सबूत जुटाने के लिए पुलिस ने आज (गुरुवार को) आरोपी मंजूर आलम को आसनसोल अदालत में पेश किया। अदालत ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए आरोपी को 4 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है।संकतोड़िया आईसी प्रभारी विनय दास की तत्परता की दोबारा चर्चा संकतोड़िया आईसी प्रभारी विनय दास अपनी इस त्वरित कार्रवाई को लेकर एक बार फिर इलाके में चर्चा और सराहना के केंद्र में हैं। इससे पहले भी उन्होंने द्वितीय चरण के चुनाव से ठीक दो दिन पहले एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में तत्परता दिखाई थी। तब उन्होंने आरोपी सीआईएसएफ (CISF) जवान को भी महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा था। पुलिस की इस हालिया कार्रवाई से स्थानीय महिलाओं और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *