12 जुलाई को मोराबादी मैदान में आयोजित होगी स्टूडेंट मैराथन 2026, युवाओं से भागीदारी की अपील

रांची: ‘छात्रों की गूंज, रांची’ की ओर से गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में स्टूडेंट मैराथन 2026 के आयोजन की घोषणा की गई। आयोजकों ने बताया कि यह मैराथन 12 जुलाई को सुबह 6 बजे मोराबादी मैदान से शुरू होगी, जबकि प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग सुबह 5:30 बजे से होगी। पांच किलोमीटर लंबी इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, अनुशासन, सामाजिक सहभागिता और छात्र एकजुटता की भावना को बढ़ावा देना है।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 15 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 10 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा दोनों वर्गों के शीर्ष पांच विजेताओं को स्मार्ट वॉच प्रदान की जाएगी। सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सिटी कोऑर्डिनेटर कुमार राजा ने कहा कि स्टूडेंट मैराथन 2026 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ का उद्देश्य छात्रों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता का प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कन्हैया कुमार, झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा राज्य सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

आयोजन समिति ने कहा कि स्टूडेंट मैराथन 2026 युवाओं को जोड़ने, फिटनेस को बढ़ावा देने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। समिति ने रांची और झारखंड के सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से 12 जुलाई को मोराबादी मैदान पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *