जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 की तैयारी तेज, प्रशासन ने किया पूरे मार्ग का निरीक्षण

रांची: ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से पूरे रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा नीलाद्री प्रशासनिक भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने रथ यात्रा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने, मेला क्षेत्र में पर्याप्त एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती, बिजली के खुले तारों की जांच और बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित सफाई, बायो-टॉयलेट और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे रथ यात्रा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी 24 घंटे कंट्रोल रूम से निगरानी होगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रेडी-टू-मूव स्थिति में तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र स्थापित किया जाएगा, जबकि मीडिया कवरेज के लिए वॉच टावर बनाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जगन्नाथपुर मेला समिति को आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट बनाने, सभी वालंटियरों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने और उनका विस्तृत ब्रीफिंग सत्र आयोजित करने का भी निर्देश दिया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा रांची की सांस्कृतिक धरोहर है और प्रशासन का प्रयास है कि इस वर्ष का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बने। वहीं एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
बैठक और निरीक्षण में जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, अग्निशमन तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जगन्नाथपुर मंदिर समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *