संत अरबिंदो एकेडमी में प्रिंसिपल नियुक्ति को लेकर विवाद, प्रबंधन और अध्यक्ष आमने-सामने

रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा स्थित संत अरबिंदो एकेडमी में प्रिंसिपल की नियुक्ति को लेकर पिछले एक महीने से चल रहा विवाद सोमवार को खुलकर सामने आ गया। पूर्व प्रिंसिपल स्वाति मिश्रा के इस्तीफे के बाद यह पद खाली हो गया था। इसके बाद स्कूल सचिव राजकुमार साहू द्वारा गुड़िया कुमारी को प्रिंसिपल नियुक्त किए जाने का विद्यालय के अध्यक्ष अमित साहू, कई शिक्षकों और अभिभावकों ने विरोध किया।

शिक्षकों का कहना है कि पहले से वाइस प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत राखी मिश्रा को प्रिंसिपल बनाया जाना चाहिए। विवाद बढ़ने पर बड़ी संख्या में अभिभावक भी स्कूल पहुंचे। उनका कहना था कि विद्यालय में लगातार हो रहे विवाद का असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रबंधन जल्द समाधान निकाले, अन्यथा वे जिला प्रशासन से शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ने पर बच्चों का नामांकन दूसरे स्कूलों में करा देंगे।

वहीं, स्कूल सचिव राजकुमार साहू ने कहा कि प्रबंधन द्वारा विधिवत प्रिंसिपल की नियुक्ति की जा चुकी है, लेकिन कुछ शिक्षक और अभिभावक इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग स्कूल संचालन में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं। सचिव ने यह भी कहा कि विद्यालय और उसकी संपत्ति को लेकर भी विवाद उत्पन्न किया जा रहा है, जबकि उनका उद्देश्य केवल विद्यालय को सुचारु रूप से चलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *