20 वर्षों से प्रतिभा सम्मान की परंपरा, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिल रही नई पहचान : शिल्पी नेहा तिर्की
रांची: मांडर स्थित बीआरसी परिसर में आयोजित ‘भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह–2026’ में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की तथा पूर्व मंत्री बंधु तिर्की शामिल हुए। समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 231 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में मैट्रिक के 118, इंटर विज्ञान के 22, इंटर कॉमर्स के 29 तथा इंटर कला के 62 विद्यार्थी शामिल रहे। समारोह में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
मैट्रिक परीक्षा में संत जॉन्स हाई स्कूल, नवाटांड़ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के छात्र महताब अंसारी (पिता – जमील अंसारी) ने 494 अंक (98.80%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। असिया खातून (पिता – उस्ताक अंसारी) ने 483 अंक (96.60%) के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, महुवाटांड़ के छात्र निखिल कुमार साहू (पिता – दीपेश्वर साहू) ने 474 अंक (94.80%) प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया.
इंटर कला संकाय में प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस-2 हाई स्कूल, टांगरबसली की छात्रा सानिया खातून (पिता – अरशद अंसारी) ने 446 अंक (89.20%) प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज, मांडर की छात्रा जहाँ आरा परवीन ने भी 446 अंक (89.20%) प्राप्त किए, जबकि इसी कॉलेज के छात्र अमित कुमार ने 438 अंक (87.60%) हासिल कर शीर्ष विद्यार्थियों में स्थान बनाया।
कॉमर्स संकाय में संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज, मांडर की छात्रा मुस्कान कुमारी ने 444 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस-2 हाई स्कूल, टांगरबसली की छात्रा गुलापसा परवीन (पिता – रिजवान अंसारी) ने 417 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रिंसी शर्मा ने 431 अंक के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विज्ञान संकाय में संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज, मांडर के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता अर्जित की। सूरज कुमार सिंह ने 440 अंक (88.00%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। खुशी कुमारी ने 433 अंक (86.60%) के साथ द्वितीय तथा अजहर अंसारी ने 426 अंक (85.20%) प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से मांडर विधानसभा क्षेत्र में प्रतिभाओं को सम्मानित करने की यह प्रेरणादायी परंपरा निरंतर जारी है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता की भावना विकसित करते हैं तथा उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। प्रत्येक विद्यार्थी को समय रहते अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिग्री चाहे प्रोफेशनल हो या अकादमिक, सफलता का आधार ज्ञान, कौशल, व्यक्तित्व विकास और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति है।
मंत्री ने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएँ और पेपर लीक जैसी घटनाएँ युवाओं के मनोबल को प्रभावित करती हैं। साथ ही नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद कई महाविद्यालयों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद विद्यार्थियों को धैर्य, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा, “जो विद्यार्थी ईर्ष्या, लालच, क्रोध और अहंकार जैसे दुर्गुणों पर विजय प्राप्त कर अनुशासन, परिश्रम, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ आचरण के साथ आगे बढ़ते हैं, वही जीवन में सफलता के सर्वोच्च शिखर तक पहुँचते हैं।”
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद यदि किसी ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में प्रतिभा सम्मान की निरंतर शुरुआत हुई तो वह मांडर विधानसभा है। उन्होंने कहा कि इस मंच से सम्मानित अनेक विद्यार्थी आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर अपनी सेवाएँ दे रहे हैं तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं और विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर नए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 12 जुलाई को विधानसभा स्तरीय ग्रामीण प्रतिभा प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में कल्याण विभाग द्वारा प्रदत्त साइकिल का वितरण चयनित छात्र छात्राओं के बीच मंत्री के हाँथो किया गया
समारोह में बड़ी संख्या में मांगा उरांव, शमीम अख़्तर,सेरोफ़िना मिंज, जमील मलिक, अमानत अंसारी,जुवेल तिग्गा, सरिता तिग्गा,आबिद अंसारी,तबातक ख़ान, होसे उरांव,आजाद अंसारी, शम्सुल हक़,सुका उरांव के अलावे कई
शिक्षाविद्, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


