उपायुक्त ने शिक्षक-अभिभावक बैठक जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने आज समाहरणालय परिसर से शिक्षक-अभिभावक बैठक के व्यापक जनजागरूकता अभियान के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों में भ्रमण कर अभिभावकों को शिक्षक-अभिभावक बैठक में सहभागिता के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बेहतर शिक्षण परिणाम सुनिश्चित करने में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक एवं अभिभावकों के बीच नियमित संवाद से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, व्यवहार तथा सीखने में आने वाली कठिनाइयों का समय पर समाधान संभव हो सकेगा। इसलिए अभिभावकों से अपील है कि वह बैठक में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
जागरूकता रथ के माध्यम से अभिभावकों को शिक्षक-अभिभावक बैठक के उद्देश्य, बच्चों की नियमित उपस्थिति, लर्निंग गैप को कम करने, विद्यालय एवं परिवार के संयुक्त प्रयासों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में अभिभावकों की भूमिका के संबंध में जागरूक किया जाएगा। साथ ही सभी अभिभावकों से निर्धारित तिथियों में अपने बच्चों के विद्यालय पहुंचकर शिक्षक-अभिभावक बैठक में अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की जाएगी। ㅤ
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्रीमती सुषमा लकड़ा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री अभय कुमार शील, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी श्री अमित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। ㅤ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *