राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार दिउड़ी मंदिर पहुंचे बैद्यनाथ राम, परिवार संग की पूजा-अर्चना

रांची: राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद पहली बार झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित सांसद बैद्यनाथ राम सोमवार को अपने परिवार सीमा राय के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध मां सोलहभुजी दिउड़ी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और झारखंड के लोगों की सुख-समृद्धि एवं राज्य के सर्वांगीण विकास की कामना की।
मंदिर परिसर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बैद्यनाथ राम का भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और झामुमो के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा सहित झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, जिला कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए बैद्यनाथ राम ने कहा कि मां सोलहभुजी के आशीर्वाद से उन्हें जनता की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में उनकी प्राथमिकता झारखंड और यहां के लोगों के हितों की रक्षा करना तथा राज्य के विकास के लिए लगातार कार्य करना होगा।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “दिउड़ी मंदिर हमारी आस्था का प्रमुख केंद्र है। हम वर्षों से यहां आते रहे हैं। जब भी अवसर मिलता है, मां का आशीर्वाद लेने अवश्य पहुंचते हैं। राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद मां के दरबार में आकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मां से यही प्रार्थना है कि जनता की सेवा करने की शक्ति और मार्गदर्शन मिलता रहे।”
सांसद के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था तथा बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। समर्थकों ने कहा कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद बैद्यनाथ राम का सबसे पहले आस्था के केंद्र पहुंचना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। इस अवसर पर दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *