वज्रपात की बढ़ती घटनाओं पर उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने जताई चिंता, उपायुक्त से हस्तक्षेप की मांग
खूंटी: मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने जिले में लगातार बढ़ रही वज्रपात की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिले में वज्रपात से संबंधित घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसे किसी भी स्थिति में अनदेखा नहीं किया जा सकता।
उप प्रमुख ने कहा कि इन दिनों क्षेत्र में तेज गर्जना के साथ बारिश हो रही है तथा आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे खेती-किसानी में लगे किसान भी प्रभावित हो रहे हैं। खेतों में कार्य करने वाले ग्रामीणों के लिए यह स्थिति गंभीर चिंता का विषय बन गई है।
उन्होंने जिले के माननीय उपायुक्त महोदय का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए आग्रह किया है कि बढ़ती वज्रपात की घटनाओं की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही संबंधित विभागों से इस विषय पर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
उप प्रमुख ने कहा कि पूर्व में कई सरकारी विद्यालयों, सरकारी भवनों, प्रखंड कार्यालयों, थाना परिसरों तथा अन्य संस्थानों में तड़ित चालक (Lightning Arrester) लगाए गए थे, जिससे आसपास के क्षेत्रों को आकाशीय बिजली से सुरक्षा मिलती थी। उन्होंने ऐसे सभी तड़ित चालकों की वर्तमान स्थिति की जांच कर आवश्यकतानुसार नए तड़ित चालक स्थापित करने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जिले में स्थापित मोबाइल टावरों की भी तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह विषय विशेषज्ञों द्वारा अध्ययन एवं जांच का विषय है कि कहीं इन टावरों का वज्रपात की घटनाओं पर कोई प्रभाव तो नहीं पड़ रहा है।
उप प्रमुख ने माननीय उपायुक्त महोदय से जनहित में इस गंभीर विषय पर स्वसंज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा जिलेवासियों की सुरक्षा हेतु प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस दिशा में समय रहते ठोस पहल की जानी चाहिए।



