सांसद बैद्यनाथ राम पहुंचे मां नगर भगवती के द्वार, लिया आशीर्वाद

लातेहार: झारखंड से राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ राम शुक्रवार को लातेहार जिले के चंदवा स्थित मां नगर भगवती मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां भगवती का आशीर्वाद लिया और अपने नए दायित्व के सफल निर्वहन की कामना की।
राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद लातेहार सहित पूरे पलामू प्रमंडल में खुशी का माहौल है। समर्थक एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बैद्यनाथ राम का काफिला उनके पैतृक आवास की ओर रवाना हुआ। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
अपने घर पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया और राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने एक संघर्षशील और जमीनी कार्यकर्ता को देश के उच्च सदन में भेजकर दलित समाज को सम्मान देने का कार्य किया है।
इस अवसर पर बैद्यनाथ राम ने कहा कि उन्हें पलामू प्रमंडल सहित पूरे झारखंड की जनता का प्यार और आशीर्वाद मिला है। उन्होंने झामुमो नेतृत्व और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा कर उन्हें राज्यसभा भेजा गया है। वे इस विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और झारखंड की जनता की आवाज को मजबूती से संसद में उठाएंगे।
मौके पर झामुमो लातेहार जिला अध्यक्ष मोतिनाथ शाहदेव, प्रभात कुमार, दीपक कुमार, शमसुल होदा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *