राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की जीत के लिए राजद ने भी संभाला मोर्चा, रणनीति बैठक में जुटे महागठबंधन के नेता
रांची: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। महागठबंधन कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश राजद कार्यालय में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के साथ राजद और कांग्रेस नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनावी रणनीति और विधायकों की एकजुटता पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के अलावा झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सहित महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में गठबंधन प्रत्याशी को अधिकतम समर्थन दिलाने और जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर मंथन किया।
बैठक के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती और बेहतर समन्वय के साथ चुनाव मैदान में उतरा है। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है और सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं। उनके अनुसार गठबंधन झारखंड के हितों और जनता से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा है।
दीपिका पांडेय सिंह ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी उम्मीदवार की राजनीतिक प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े होते रहे हैं, जबकि इंडिया गठबंधन साझा विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर एकजुट है। उन्होंने विश्वास जताया कि महागठबंधन के दोनों उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल करेंगे।
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हैं। ऐसे में आगामी मतदान को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है और सभी दल जीत के लिए अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में लगे हैं।



