झारखंड में विस्तार पर इंडियन ओवरसीज बैंक का फोकस, जल्द खुलेंगी नई शाखाएं: एमडी
रांची: इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंधन निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को रांची मुख्य शाखा में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बैंक देशभर में विस्तार की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। आने वाले दिनों में 250 नई शाखाएं खोलने की योजना है। हाल ही में रांची के लालपुर में बैंक की नई शाखा शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि झारखंड बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण राज्य है। वर्तमान में राज्य में बैंक का लगभग 6,000 करोड़ रुपये का व्यवसाय है, जिसे बढ़ाकर 15,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। झारखंड में बैंक का कुल क्रेडिट पोर्टफोलियो करीब 1,600 करोड़ रुपये का है। जामताड़ा में दो नई शाखाओं का कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही उनका संचालन शुरू होगा। साथ ही राज्य में एक क्षेत्रीय कार्यालय (रीजनल ऑफिस) स्थापित करने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि बैंक की शाखाएं झारखंड के सभी जिलों में संचालित हैं।
अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक की स्थापना वर्ष 1937 में हुई थी और बैंक अपने 90 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुका है। वर्तमान में बैंक का कुल कारोबार लगभग 7 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। पिछले वित्तीय वर्ष में बैंक का नेट प्रॉफिट 1,505 करोड़ रुपये रहा, जबकि क्रेडिट ग्रोथ में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में बैंक ने 250 नई शाखाएं खोली हैं और अब इतनी ही नई शाखाएं खोलने की तैयारी चल रही है। पिछले दो वर्षों में आठ नए क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किए गए हैं। देशभर में बैंक के 12 हजार से अधिक बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट कार्यरत हैं।
एमडी ने कहा कि बैंक आईटी और डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में अग्रणी संस्थानों में शामिल है। बैंक के अधिकांश कार्य अब डिजिटल माध्यम से संचालित हो रहे हैं। साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर और सुरक्षा प्रणालियों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर या बोकारो को बैंक के दूसरे प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है।
इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी सुशांत कुमार गोयल सहित कई बैंककर्मी उपस्थित थे।



