जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ने और आरक्षण बढ़ाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने किया पिछड़ा आयोग कार्यालय का घेराव
रांची: जनगणना-2026 में ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) का अलग कॉलम शामिल करने, जाति आधारित जनगणना कराने तथा आरक्षण का दायरा बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने रांची के एचईसी स्थित राज्य पिछड़ा आयोग कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव को ज्ञापन भी सौंपा।
मोर्चा के अध्यक्ष राजेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शन पुराना विधानसभा परिसर से शुरू हुआ। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में राज्य पिछड़ा आयोग कार्यालय पहुंचे और करीब एक घंटे तक अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए कार्यालय परिसर के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।
प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेने के बाद आयोग अध्यक्ष जानकी यादव ने कहा कि पिछड़े वर्ग की आबादी राज्य और देश में बड़ी संख्या में है, इसलिए उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोर्चा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन को राज्य सरकार और केंद्र सरकार तक भेजा जाएगा। साथ ही आयोग उनकी भावनाओं का सम्मान करता है और न्याय दिलाने की दिशा में हरसंभव प्रयास करेगा।
इस अवसर पर राजेश गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा लंबे समय से जाति आधारित जनगणना की मांग करता रहा है, लेकिन प्रस्तावित जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम नहीं रखा गया है। उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर राज्य पिछड़ा आयोग कार्यालय का घेराव किया गया है।
वहीं मोर्चा की नेता उर्मिला यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भी ओबीसी समाज से आते हैं, फिर भी जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम का अभाव चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि जनगणना-2026 में ओबीसी कॉलम को शामिल किया जाए ताकि इस वर्ग की वास्तविक आबादी और सामाजिक स्थिति का सही आकलन हो सके।



