20 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब, लेचो टोला में बिजली ठप,भीषण गर्मी से ग्रामीण परेशान, विभाग बेखबर
लातेहार: महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत हामी पंचायत के लेचो टोला ग्राम में पिछले लगभग 20 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा हुआ है, जिसके कारण पूरे गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है।
20 दिन से अंधेरे में गांव: ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर 20 दिन पहले जल गया था। तब से पूरा लेचो टोला अंधेरे में डूबा है। दिन में 44-45 डिग्री की झुलसाने वाली गर्मी और रात में उमस से बच्चे-बूढ़े सभी परेशान हैं।
जनजीवन अस्त-व्यस्त: बिजली नहीं रहने से सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा है। शाम होते ही बच्चे पढ़ नहीं पाते। पेयजल के लिए लगे मोटर नहीं चलने से पानी की किल्लत हो गई है। महिलाएं दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। मोबाइल चार्ज नहीं होने से लोगों का बाहरी संपर्क भी टूट रहा है। रात में सांप-बिच्छू का खतरा अलग बना हुआ है।
विभाग को सूचना, पर कार्रवाई नहीं: ग्रामीणों का आरोप है कि 20 दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की तरफ से ट्रांसफार्मर बदलने या मरम्मत की कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों में आक्रोश: लेचो टोला के ग्रामीण राम प्रसाद उरांव, सुनीता देवी और मनोज सिंह ने कहा, “बच्चे गर्मी से बीमार पड़ रहे हैं। रात-रात भर जागना पड़ता है।
ग्रामीणों की मांग: ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि तुरंत लेचो टोला में नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।



