जनता दरबार में जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार बनाने में आ रही समस्याओं के समाधान का निर्देश

रांची : जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने ये सख्त चेतावनी दिया कि आवेदन लेकर कार्यालय आने वाले लोगों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दरअसल जनता दरबार में एक आवेदक द्वारा शिकायत की गयी कि अंचल कार्यालय का एक कर्मचारी उसके साथ दुर्व्यवहार करता है। इस पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का ससमय एवं संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में अग्रेतर कार्रवाई की आवश्यकता हो तो उसकी जानकारी भी आवेदक को अवश्य दी जाए।

आज भी जनता दरबार में काफी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सुदूर ग्रामीण इलाकों से आये लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर पहले सुना गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में आज राजस्व से जुड़े अधिकांश मामले सामने आये। पंजी-2 सुधार, लगान रसीद निर्गत करने, भूमि माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा एवं जमीन से संबंधित अन्य शिकायतों पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आम लोगों को कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े।

जनता दरबार में प्राप्त अन्य शिकायतों में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति, पेयजल संकट, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, भूमि मापी, आपसी भूमि विवाद एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित आवेदन शामिल थे।

उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *