बीजेपी कोर कमिटी की बैठक में कई मुद्दे पर चर्चा
रांची: भाजपा कोर कमेटी की बैठक गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई है।
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आज की बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विशेष चर्चा हुई। राज्य सरकार की जो कार्यप्रणाली है, जिस तरह से भ्रष्टाचार निचले स्तर तक फैला हुआ है, उसको लेकर जो आंदोलन का रास्ता भारतीय जनता पार्टी ने अभी तय किया है उसको सफल बनाने पर विचार किया गया।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर के राज्यव्यापी आंदोलन हो या फिर अभी पानी और बिजली को लेकर सभी जिलों में प्रदर्शन हो और अभी जिस तरह से ओलावृष्टि हो रही है उसको लेकर भी राज्य सरकार को घेरने का काम भाजपा करेगी। सरकार ने किसानों को जिस तरह से ठगा है, यह कह कर कि ₹3200 में हम धान खरीद मूल्य देंगे। डीएपी और यूरिया की कालाबाजारी हो रही है, और जो ओलावृष्टि से जहाँ-जहाँ फसलों का नुकसान है, उसको लेकर के प्रखंडों में एक दिवसीय धरना का कार्यक्रम तय किया गया है।
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रशिक्षण का जो महाभियान प्रारंभ हुआ है, इसके तहत सभी जिलों में प्रशिक्षण होना है। कुल मिला कर इस राज्य सरकार के विफलता को जनता को बताने के लिए रणनीतिक तैयार की गई हैं और बैठक में सभी पदाधिकारियों के विचारों को संग्रहण किया गया।
एक सवाल के जवाब में प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर विफल है। महिलाओं के सम्मान की बातें करने वाली सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम से दूर भागती है। राज्य में हत्याओं के आंखडे बढ़े है। महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हों, डाइन प्रथा में हत्याएं हों, ट्रैफिकिंग (trafficking) का एक लंबा जाल हो हर क्षेत्र में सरकार विफल रही है।
उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार से पूछा कि छह-सात साल आपके सरकार में आए हुए हो गए हैं। आपकी कोई कार्ययोजना है या नही। यहां की आदिवासी जनजातीय बहनें जो बड़ी संख्या में ट्रैफिकिंग की शिकार होती हैं, जो यहाँ से चली जाती हैं, उनको आप कैसे रोकेंगे?
आज की बैठक में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, नेता प्रतिपक्ष बाबुलाल मरांडी, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, पूर्व विधायक अनंत ओझा उपस्थित रहे।



