जनता दरबार बना राहत का दरबार, दिव्यांग को मिली नई राह

रांची : रांची जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार एक बार फिर आमजन के लिए राहत और न्याय का सशक्त मंच साबित हुआ। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित इस दरबार में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की गई।

अनगड़ा अंचल के सुदेश कुमार ने जनता दरबार में अपनी जमीन की फर्जी दस्तावेज के माध्यम से जमीन हड़पने की शिकायत की। अनगड़ा सीओ से फौरन ऑनलाइन बात करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने पूरी जानकारी ली। उन्होंने अनगड़ी सीओ को शोकॉज करने के साथ पूरे मामले की जांच सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी द्वारा करने और प्रतिवेदन समर्पित करने के आदेश दिये।

पंजी-2 सुधार से संबंधित जनता दरबार में कई आवेदन प्राप्त हुए, जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा संबंधित सीओ से तत्काल ऑनलाइन माध्यम से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। बेड़ो अंचल से संबंधित पजी-2 सुधार के मामले में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अंचल में आयोजित होनेवाले जनता दरबार में मामले का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

इसके अतिरिक्त, भूमि सीमांकन, दाखिल-खारिज में विलंब, अतिक्रमण, एवं रसीद निर्गत नहीं होने जैसी शिकायतें भी सामने आईं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने इन सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से संबंधित शिकायतों पर भी संज्ञान लेते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।

इस अवसर पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने एक महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि मंगलवार को अवकाश के कारण अब सभी अंचलों में जनता दरबार बुधवार को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक राजस्व मामलों का निष्पादन सुनिश्चित कर आम जनता को राहत प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *