खूंटी नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने ली शपथ, उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं
खूंटी: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र के लिए निर्वाचित अध्यक्ष रानी टुटी को आज समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा नगर पंचायत के अंतर्गत निर्वाचित सभी वार्ड पार्षदों (वार्ड संख्या 1 से 19 तक) को भी शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा ने सभी निर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जन अपेक्षाओं के अनुरूप ईमानदारी, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें। उन्होंने नगर क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित रहे।


