बालू में उकेरी गई विकास की तस्वीर – समृद्धि यात्रा में मधुरेंद्र की कला पर ठहर गए सीएम के कदम
भागलपुर। बिहार समृद्धि यात्रा 2026 के दौरान भागलपुर की धरती पर कला और विकास का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जगदीशपुर के बैजानी में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार की अद्भुत रचना पूरे आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण बन गई।
पोखर किनारे 50 टन गंगा की उजली बालू से तैयार की गई 10 फीट ऊंची भव्य कलाकृति में ‘विकास पुरुष नीतीश कुमार’ और ‘सात निश्चय-3’ की झलक ने सभी का ध्यान खींचा। जैसे ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, उनकी नजर इस अनोखी सैंड आर्ट पर पड़ी। कुछ पल ठहरकर उन्होंने इसे निहारा और मुस्कुराते हुए कलाकार मधुरेंद्र कुमार को ‘धन्यवाद’ कहा – यह क्षण वहां मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया।
करीब 20 घंटे की कड़ी मेहनत से तैयार इस कलाकृति को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्यमंत्री के जाने के बाद भी उत्साह कम नहीं हुआ।लोगों ने कलाकार के साथ सेल्फी ली और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिससे यह सैंड आर्ट तेजी से वायरल हो गया।
मधुरेंद्र कुमार इससे पहले भी ‘न्याय यात्रा’, ‘विकास यात्रा’, ‘विश्वास यात्रा’ और ‘जल-जीवन-हरियाली यात्रा’ सहित कई अभियानों में अपनी कला के जरिए जनजागरूकता फैला चुके हैं। इस बार उन्होंने ‘समृद्ध भागलपुर, समृद्ध बिहार’ का संदेश अपनी कलाकृति के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, डीजीपी विनय कुमार, डीएम नवल किशोर चौधरी, एसपी प्रमोद कुमार यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कलाकार की सराहना की।
समृद्धि यात्रा में यह सैंड आर्ट सिर्फ एक कलाकृति नहीं, बल्कि विकास की सोच को जीवंत रूप देने वाला प्रतीक बन गया।



