बीएसएल फूड-स्ट्रीट में मिलेगा पंजाब के पारंपरिक स्वाद का अनूठा अनुभव
बोकारो – बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा 22 मार्च 2026 को आयोजित किए जा रहे “फूड स्ट्रीट” कार्यक्रम में बोकारोवासियों को स्वाद और संस्कृति का अद्वितीय संगम देखने को मिलेगा। इस विशेष आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक एवं लोकप्रिय व्यंजनों के आकर्षक फूड स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जहां आगंतुकों को देश के विविध राज्यों एवं क्षेत्रों के लजीज पकवानों का स्वाद लेने का अवसर प्राप्त होगा। फूड-स्ट्रीट में विशेष रूप से पंजाबी खान-पान की समृद्ध, स्वादिष्ट, पौष्टिक और मसालेदार व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी। यहां शहरवासी पंजाब के लोकप्रिय व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे, जिनमें प्रसिद्ध पंजाबी पटियाला चाप, पंजाबी मलाई चाप, अफगानी चाप, छोले-भटूरे, छोले-कुलचे, विभिन्न प्रकार के पराठे, राजमा-चावल, दही-वड़ा तथा पंजाबी शैली की वेज और नॉन-वेज करी जैसे व्यंजन शामिल होंगे। साथ ही मिठाइयों और पेय पदार्थों में फिरनी तथा पारंपरिक लस्सी की विभिन्न किस्में भी उपलब्ध रहेंगी, जो इस आयोजन के स्वाद को और भी खास बनाएंगी। इन व्यंजनों के माध्यम से आगंतुकों को पंजाब की जीवंत खाद्य संस्कृति की झलक देखने और उसका आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा पहली बार इस प्रकार के फूड स्ट्रीट का आयोजन किया जा रहा है, जो शहरवासियों के लिए एक नया और आकर्षक अनुभव होगा। यह आयोजन सेक्टर-4 स्थित गांधी चौक से बोकारो मॉल जाने वाली सड़क पर किया जाएगा, जहां विभिन्न फूड स्टॉलों के माध्यम से देश के अलग-अलग क्षेत्रों के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।बोकारो इस्पात संयंत्र ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष आयोजन में सपरिवार शामिल होकर स्वाद और संस्कृति के इस अनूठे अनुभव का आनंद अवश्य लें।



