रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, हाइटेंशन तार की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलसा
रांची: रांची रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी एक ट्रेन की छत पर चढ़ने के दौरान एक व्यक्ति हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी ट्रेन की छत पर एक व्यक्ति किसी कारणवश चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार के संपर्क में आ गया। जैसे ही वह तार की चपेट में आया, जोरदार आवाज हुई और देखते ही देखते उसका शरीर आग की लपटों में घिर गया।
घटना के समय प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पुरुलिया–आनंद विहार स्पेशल ट्रेन के शुभारंभ का कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत रेलवे के कई अधिकारी और अतिथि मौजूद थे। हादसा होते ही सुरक्षा कर्मी और रेलवे कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। ट्रेन को तत्काल रुकवाया गया और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने आग पर काबू पाया।
इसके बाद गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को ट्रेन की छत से नीचे उतारकर तुरंत गुरुनानक अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना पर दुख व्यक्त करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि पूरे मामले का वीडियो फुटेज रेलवे के पास मौजूद है, जिससे स्पष्ट होगा कि व्यक्ति ट्रेन की छत पर कैसे चढ़ा और फिर हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया।
वहीं रांची रेल मंडल के डीआरएम के.एन. सिंह ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। इस मौके पर सीनियर डीसीएम सूची सिंह सहित रेलवे के कई अधिकारी मौजूद थे।



