झारखंड विधानसभा बजट सत्र: जनहित के मुद्दों को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन

रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को विपक्षी दलों ने जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पहली बार बजट सत्र के अंतिम चरण में विपक्ष आक्रामक रुख में नजर आया। भारतीय जनता पार्टी के विधायक सदन के बाहर हाथों में तख्तियां लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करते दिखाई दिए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विपक्ष के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आए दिन हत्या, लूट और रंगदारी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
बीजेपी विधायकों ने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। कई स्थानों पर रंगदारी की घटनाएं बढ़ने से कारोबारी और आम नागरिक दहशत में हैं। उनका कहना था कि आम लोग डर के कारण घर से बाहर निकलने में भी असहज महसूस कर रहे हैं।
विपक्षी विधायकों ने झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार के सवा वर्ष के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि इस अवधि में राज्य की स्थिति लगातार बिगड़ती गई है। विधायकों ने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और नौकरशाही पूरी तरह हावी हो गई है। जनप्रतिनिधियों की बात तक नहीं सुनी जा रही है, जिससे आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
विपक्षी विधायकों ने स्पष्ट किया कि झारखंड के मौजूदा हालात को वे विधानसभा के अंदर और बाहर मजबूती के साथ उठाते रहेंगे। यदि जरूरत पड़ी तो जनता के हित में संघर्ष भी किया जाएगा, ताकि राज्य में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके। प्रदर्शन करने वाले विधायकों में बीजेपी की नीरा यादव,पूर्णिमा दास,रागिनी सिंह,सीपी सिंह,राज सिंहा सहित बीजेपी के विधायक थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *