डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की हुई बैठक

रांची: उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में बैठक की। बैठक में सौरभ कुमार भुवनिया (उपविकास आयुक्त), संजय भगत (परियोजना निदेशक, आईटीडीए), राजेश्वरनाथ आलोक (अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था), कुमार रजत (अनुमण्डल पदाधिकारी, रांची सदर) सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा जिला प्रशासन की विभिन्न प्राथमिकताओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को बधाई दी।
मार्च क्लोजिंग के मद्देनज़र उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी विभागों को फर्जी निकासी पर विशेष सतर्कता बरतने तथा अंतिम समय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विधानसभा सत्र एवं आगामी पर्व-त्योहारों होली, ईद, सरहुल एवं रामनवमी के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। होली को लेकर थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया।
पर्व-त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण हेतु तय मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों के 24 घंटे संचालन की जानकारी ली। साथ ही समाहरणालय सभागार के जीर्णाेद्धार कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।

शपथ ग्रहण की तैयारी

नगरपालिका (आम) निर्वाचन में चुने गए जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर भी उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उपायुक्त द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के सौंदर्यीकरण हेतु टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।

जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश

रांची के प्रमुख जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराने के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

जन्म प्रमाण पत्र व फर्जीवाड़ा रोकथाम

जिला में बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े पर सख्त रोक लगाने के निर्देश उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा दिए गए।

आईडी कार्ड वितरण की समीक्षा

अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों में बीडीओ/सीओ सहित सभी कर्मियों को आईडी कार्ड उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
छात्रवृत्ति, धान अधिप्राप्ति, मंईया सम्मान से स्वावलंबन सहित अन्य योजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक एवं उचित दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *