सबों के सहयोग और टीम वर्क से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई मतगणना: डीईओ सह डीसी
बोकारो – नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के अंतर्गत जिले के चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद की मतगणना शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। मतगणना के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने मतगणना केंद्र पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयास और उत्कृष्ट टीम वर्क से मतगणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मतगणना की पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया गया तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या आपत्ति की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने जानकारी दी कि चास नगर निगम से महापौर पद पर भोलू पासवान तथा फुसरो नगर परिषद से चेयरमैन पद पर निर्मला देवी को विजयी घोषित किया गया।उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य निर्धारित समय के भीतर पूर्ण हुआ, जिसके लिए दोनों निर्वाची पदाधिकारी (आरओ) एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी (एआरओ) तथा उनकी टीम ने सराहनीय कार्य किया।
मतगणना केंद्र कृषि उत्पादन बाजार समिति, आईटीआई मोड़, चास में दिन भर प्रशासनिक गतिविधियां संचालित होती रहीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार तथा अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे और मतगणना प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने विशेष रूप से आरओ-एआरओ टीम, पुलिस बल, होमगार्ड, चिकित्सा टीम, शिक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों, तकनीकी टीम, एनआईसी, विभिन्न कोषांगों, प्रेक्षकों, ड्राइवरों, कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं प्रवर्तन एजेंसियों आदि के कार्यों की सराहना की।



