उपायुक्त आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में हुई कोषांगों के कार्यों की समीक्षा बैठक

खूंटी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के सफल आयोजन को लेकर आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में गठित सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नगरपालिका निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि-व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग तथा नियंत्रण कक्ष के सुचारु क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के लिए गठित सभी कोषांग अपने-अपने स्तर पर उत्तरदायित्व पूर्ण अपने कार्यों का निष्पादन करना सुनिश्चित करे, जिससे सफलता पूर्वक नगरपालिका (आम) निर्वाचन को सम्पन्न कराया जा सके। वहीं निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों को अच्छे से प्रशिक्षण देने का भी निर्देश दिया गया। मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों तक ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था, मतपेटिका से मतदान, समेत अन्य विषयों पर उपायुक्त ने विचार विमर्श कर संबंधित कोषांग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मार्गदर्शिका के अनुरूप मतपत्र का मुद्रण कराने, पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, जिससे मतदान कर्मी एवं पुलिस बल समय पर मतदान केंद्र पर पहुंचे एवं मतदान सम्पन्न कराने के पश्चात ससमय रिसिविंग सेंटर तक वापस आए, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान कर्मियों को अनिवार्य रूप से भाग लेने का निर्देश दिया गया। मतदान कर्मियों का रेण्डमाइजेशन, मतदान कर्मियों का डिस्पैच को लेकर भी उपायुक्त ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 से जुड़े किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने या शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग के नंबर 06528-220056 या 1950 या नियंत्रण कक्ष के नंबर 016528-295205 पर सम्पर्क कर सकते है। राज्य निर्वाचन आयोग नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या: 8987791131 एवं 8987791132 पर भी सम्पर्क कर सकते है।
इस बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *