सड़क सुरक्षा माह के तहत खूँटी में “Run for Road Safety” का आयोजन
खूंटी : सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर आज जिला परिवहन विभाग, खूँटी की ओर से “Run for Road Safety” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष टोप्पो सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सिग्नेचर कैंपेन से की गई, जिसमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, एमवीआई सहित अन्य पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, मीडियाकर्मियों समेत अन्य ने एक-एक कर हस्ताक्षर कर यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। इसके पश्चात उपायुक्त द्वारा उपस्थित अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को यातायात नियमों के अनुपालन की शपथ दिलाई गई।
“Run for Road Safety” कार्यक्रम के अंतर्गत उपायुक्त ने पदाधिकारियों, कर्मियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी प्रतिभागियों ने समाहरणालय परिसर से भगत सिंह चौक (नीचे चौक) तक दौड़ लगाकर आमजनों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर उपायुक्त आर० रॉनिटा ने कहा कि जिले के सभी नागरिक यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा सड़क पर किसी घायल व्यक्ति को देखकर उसकी सहायता के लिए आगे आएं।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा मीडिया कर्मियों के बीच हेलमेट का वितरण किया गया तथा मीडिया के माध्यम से आमजनों से यातायात नियमों के पालन की अपील की गई।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग के पदाधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।



