नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों पर डीसी-एसपी ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराए जाएंगे मतदान
खूंटी : नगरपालिका निर्वाचन-2026 को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर. रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा 27 जनवरी 2026 को निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार 28 जनवरी को निर्वाचन की सूचना प्रकाशित की जाएगी। नाम निर्देशन 29 जनवरी से 4 फरवरी तक, नामपत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी, नाम वापसी 6 फरवरी तथा 7 फरवरी को निर्वाचन प्रतीक आवंटन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को प्रातः 8 बजे से संपन्न कराई जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि खूंटी नगर पंचायत में कुल 19 वार्ड हैं। क्षेत्र में 30 मतदान केन्द्र एवं 20 मतदान केन्द्र भवन निर्धारित किए गए हैं। कुल मतदाता 28,719 हैं, जिनमें 13,672 पुरुष और 15,047 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन कार्य के लिए 30 बीएलओ की प्रतिनियुक्ति की गई है।
अध्यक्ष पद अनारक्षित (महिला) श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया है, जिसमें अनुसूचित जनजाति की महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी। अध्यक्ष पद के लिए व्यय सीमा 5 लाख रुपये तथा वार्ड पार्षद पद के लिए 1 लाख रुपये निर्धारित है। वार्डों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं अनारक्षित श्रेणी के अनुसार आरक्षण लागू होगा।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सकें। अंत में उपायुक्त ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।



