केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पहुंचे रांची, कहा- झारखंड के ट्राइबल और पिछड़े वर्ग का RPI की ओर बढ़ रहा झुकाव

रांची: केंद्र की मोदी सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले मंगलवार को झारखंड पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष शिव उरांव समेत पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान वे मीडिया से रूबरू हुए और राज्य की राजनीतिक व सामाजिक स्थिति पर अपनी बात रखी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड में आदिवासी, दलित और अति पिछड़े वर्ग के लोगों का झुकाव बड़ी संख्या में RPI की ओर बढ़ रहा है। यह पार्टी के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि RPI झारखंड में संगठन विस्तार की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। इसी उद्देश्य से राज्य में सामाजिक रैली का आयोजन किया गया है, जिसमें पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाया जाएगा तथा यहां की संभावनाओं को परखा जाएगा।
अठावले ने कहा कि झारखंड में आदिवासी और पिछड़े समाज से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं हैं। RPI हमेशा से इन वर्गों के अधिकारों और उत्थान के लिए संघर्ष करती रही है। केंद्र सरकार में मंत्री होने के नाते वे संसद में इन वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही झारखंड में उनकी पार्टी की सरकार नहीं है, लेकिन यहां की जनता का समर्थन उनके साथ है।
उन्होंने बताया कि वे राज्य की जमीनी हकीकत और समस्याओं को समझने के लिए यहां आए हैं। अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की समीक्षा करेंगे और जो भी समस्याएं सामने आएंगी, उन्हें भारत सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। छात्रवृत्ति से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों से बातचीत के बाद ही इस विषय पर कोई ठोस टिप्पणी की जाएगी।
एयरपोर्ट से वे सीधे मोरहाबादी मैदान स्थित राज्य अतिथि गृह पहुंचे, जहां विभागीय समीक्षा बैठक की जाएगी। इसके बाद वे पुराना विधानसभा मैदान में पार्टी द्वारा आयोजित सामाजिक रैली में भाग लेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
पार्टी के झारखंड प्रभारी चंदन कुमार और प्रदीप तिवारी ने कहा कि राज्य में RPI के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। दलित और आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को नई मजबूती मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *