नगर निकाय चुनाव के लिए महिला कांग्रेस ने कसी कमर, तीन एजेंडों पर तय हुई रणनीति
रांची: झारखंड में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश महिला कांग्रेस ने भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का संकेत दिया है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस भवन में महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश महिला अध्यक्ष एवं पूर्व रांची नगर निगम मेयर राम खालको ने की।
इस बैठक में राज्यभर से आईं महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में तीन प्रमुख एजेंडों पर गहन चर्चा की गई—आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारी, केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदले जाने के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान, तथा महिला कांग्रेस संगठन के वर्तमान स्वरूप की समीक्षा।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राम खालको ने बताया कि वर्ष 2026 की यह महिला कांग्रेस की पहली कार्यकारिणी बैठक है और इसमें संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में महिलाओं की भूमिका निर्णायक होगी। महिला कांग्रेस की प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही कई जिलों में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता स्वयं भी पार्षद, अध्यक्ष और मेयर जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगी।
राम खालको ने दावा किया कि इस बार नगर निकाय चुनाव में महिला कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की बड़ी संख्या में जीत होगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि रांची नगर निगम के मेयर पद पर भी महिला कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी की ही जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन पूरी ताकत लगाएगा।
मनरेगा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर साजिश का आरोप लगाया और कहा कि योजना का नाम बदलने से आम गरीब और मजदूर वर्ग को परेशानी होगी। महिला कांग्रेस प्रदेश के सभी जिलों में जाकर लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी।
इसके साथ ही बैठक में महिला कांग्रेस संगठन के ढांचे की समीक्षा की गई, ताकि आने वाले दिनों में आंदोलन और संगठनात्मक गतिविधियों की ठोस रूपरेखा तैयार की जा सके। बैठक से स्पष्ट संकेत मिला कि महिला कांग्रेस आगामी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर सुंदरी तिर्की सहित कई महिला कार्यकर्ता उपस्थित थी।



