मुरहू में 8 जनवरी को फ्री मेगा हेल्थ कैंप, उप प्रमुख अरुण साबू ने दी जानकारी
गणादेश,खूंटी : मुरहू उप-प्रमुख के प्रयास से देवकमल हॉस्पिटल एवं देवनिका हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में 08 जनवरी को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक स्वास्थ्य उपकेंद्र, मुरहू (खूंटी) में एक फ्री मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस स्वास्थ्य शिविर में न्यूरो सर्जरी, कार्डियक सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, यूरोलॉजी, किडनी रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के अनुभवी डॉक्टर उपस्थित रहेंगे। शिविर में आम नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श दिया जाएगा। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आशुतोष तिग्गा ने बताया कि मुरहू क्षेत्र के जिन लोगों की स्वास्थ्य जांच में किसी प्रकार की समस्या पाई जाती है, उनके लिए देवनिका हॉस्पिटल, रांची से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध रहेगी, ताकि लोग बिना किसी शुल्क के उचित परामर्श प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर उप-प्रमुख अरुण साबू ने प्रखंडवासियों से अपील करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में विशेष रूप से बुजुर्गों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से जिले के बड़े अस्पतालों के डॉक्टरों से अनुरोध किया गया है कि वे शिविर के माध्यम से बुजुर्गों के साथ-साथ आम जनता की भी स्वास्थ्य देखभाल करें।वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रखंड स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने एवं जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता सह जांच शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि इस फ्री मेगा हेल्थ कैंप में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।



